चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींच लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेली गई उनकी ऐतिहासिक पारी को विराट कोहली भी नजरअंदाज नहीं कर पाए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विराट डगआउट में टीवी स्क्रीन पर उर्विल की बल्लेबाजी देखते नजर आए।
चेन्नई सुपर किंग्स के 27 साल के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार (10 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उनकी ऐतिहासिक पारी इतनी खास रही कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भी खुद को उनकी बल्लेबाजी देखने से रोक नहीं पाए।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विराट कोहली रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के मुकाबले से पहले डगआउट में टीवी स्क्रीन पर उर्विल पटेल की बल्लेबाजी देखते नजर आ रहे हैं। वीडियो में विराट पानी पीते हुए टीवी के सामने खड़े हैं और उर्विल के शॉट्स को काफी ध्यान से देख रहे हैं।