Rachin Ravindra Catch: भारतीय टीम के कैप्टन सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) रविवार, 08 मार्च को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के फाइनल में न्यूजीलैंड (IND vs NZ Final) के सामने अपनी बैटिंग से कुछ खास नहीं कर पाए और पहली ही गेंद पर बिना कोई रन बनाए आउट हुए। गौरतलब है कि SKY का कैच बाउंड्री के पास रचिन रविंद्र (Rachin Ravindra) ने पकड़ा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना भारतीय टीम की इनिंग के 16वें ओवर में घटी। न्यूजीलैंड के लिए ये ओवर हरफनमौला खिलाड़ी जेम्स नीशम करने आए थे जिनकी आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने अपना पसंदीदा स्कूप शॉट खेलकर छक्का जड़ने की कोशिश की।
गौर करें कि यहां SKY ने बॉल को अच्छे से टाइम तो किया था, लेकिन वो शॉट में भरपूर पावर नहीं दे पाए थे। ऐसे में डीप स्क्वायर लेग की पॉजिशन पर तैनात रचिन रविंद्र ने मौके को भांप लिया और अपनी दाईं और भागते हुए डाइव करके बेहद ही शानदार कैच पकड़ा। इस तरह सूर्यकुमार यादव बिना कोई रन बनाए पहली ही गेंद पर आउट हुए और उन्हें वापस पवेलियन लौटना पड़ा। T20 World Cup के आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया गया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।