भारतीय टीम के 'मिस्टर 360' सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) अपने अजीबोगरीब शॉट से मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के लगाते हैं। बीते शनिवार को भी ऐसा ही देखने को मिला। दरअसल, आईपीएल का 43वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के बीच खेला गया था जिसमें सूर्यकुमार यादव ने 13 बॉल पर 26 रनों की एक छोटी लेकिन, तूफानी पारी खेली। इसी बीच फैंस को सूर्यकुमार यादव स्पेशल 'सुपला शॉट' देखने को मिला जो कि और भी ज्यादा खास था।
एक हाथ से जड़ा 'सुपला शॉट'
सूर्यकुमार यादव का ये खास शॉट मुंबई इंडियंस की इनिंग के छठे ओवर में देखने को मिला। दिल्ली कैपिटल्स के लिए ये ओवर खलील अहमद कर रहे थे। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद एक स्लोअर बॉल फैंकी थी जिस पर सूर्यकुमार यादव ने फाइन लेग की तरफ सुपला शॉट खेलते हुए एक हाथ से ही जबरदस्त छक्का लगा दिया।