रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने के बाद विराट कोहली के फैंस जरुर यह जानना चाहते होंगे कि वह कब क्रिकेट मैदान पर नजर आएंगे। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज जल्द ही भारत की जर्सी में वापसी करने वाले हैं।
आईपीएल 2026 का अंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐतिहासिक खिताबी जीत के साथ हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के सबसे बड़े हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई।
विराट का बल्ला सिर्फ फाइनल में ही नहीं, बल्कि पूरे सीजन में जमकर चला। उन्होंने 16 मैचों में 56.25 की औसत और 165.84 के स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक भी निकले।