England vs Sri Lanka 1st ODI: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (22 सितंबर) को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 48.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हालांकि टीम की पारी के आखिर में विल जैक्स (Will Jacks) ने अपना आक्रामक अंदाज दिखाया और श्रीलंका के स्टार तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा (Dushmantha Chameera) को निशाने पर लिया।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड के स्पिन ऑलराउंडर विल जैक्स ने एक छोर संभालकर रखा था। पारी के आखिरी ओवरों में उन्होंने दुष्मंथा चमीरा के खिलाफ खुलकर बल्लेबाजी की और उनके एक ओवर को पूरी तरह अपने नाम कर लिया।
यह सब इंग्लैंड पारी के 48वें ओवर में हुआ। पहली गेंद पर जैक्स ने दौड़कर दो रन पूरे किए। अगली गेंद पर कोई रन नहीं आया, लेकिन इसके बाद उन्होंने ऐसा गियर बदला कि चमीरा के पास उन्हें रोकने का कोई जवाब नहीं था। ओवर की आखिरी चार गेंदों पर विल जैक्स ने लगातार चार शानदार चौके जड़ दिए। एक के बाद एक बाउंड्री लगने से चमीरा पर दबाव बढ़ गया और इस ओवर से कुल 18 रन आए।