Asia Cup: भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए विमेंस एशिया कप 2026 के मुकाबले में थाईलैंड पर 94 रन से दमदार जीत हासिल की। 'प्लेयर ऑफ द मैच' शेफाली वर्मा ने बताया कि इस जीत के बाद भारतीय टीम में खुशी का माहौल है। इसके साथ ही उन्होंने नंदिनी शर्मा को भी सराहा।
भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली ने 36 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 64 रन बनाए। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 159/9 का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में थाईलैंड की टीम 16.1 ओवरों में 65 रन पर सिमट गई।
सोमवार को बीसीसीआई के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वर्मा ने कहा, "टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर काफी अच्छा लगता है। इस जीत से टीम में खुशी का माहौल है। खेल की बात करें तो हम सभी हालात को समझते हैं, हम सभी जानते हैं कि क्या करना है।"