भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड को पहली पारी में 356 रनों पर ऑलआउट करने के बाद भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही है।
टेस्ट के दूसरे दिन टी-ब्रेक तक टीम इंडिया ने अपने 3 अहम विकेट गंवा दिए हैं। यशस्वी जायसवाल को मैट हेनरी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने मिलकर 33 रन जोड़े। पडिक्कल 20 गेंदों का सामना करने के बाद 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया।
कप्तान शुभमन गिल भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 29 गेंदों में 3 चौके की मदद से 17 रन बनाने के बाद आउट हुए। केएल राहुल 17 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जेमीसन अब तक दो विकेट निकाल चुके हैं, जबकि मैट हेनरी एक विकेट अपने नाम कर चुके हैं। भारतीय टीम अभी न्यूजीलैंड के स्कोर से 297 रन पीछे है।