भारत के नियमित टेस्ट ओपनर यशस्वी जायसवाल से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जायसवाल को बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। दरअसल, सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलते हुए उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। मैच के दौरान उन्हें पेट में तेज ऐंठन महसूस हुई, जो खेल खत्म होने के बाद और बढ़ गई।
इसके बाद उन्हें मुंबई के आदित्य बिड़ला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उन्हें एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस हुआ है। ये नाम सुनकर घबराहट हो सकती है, लेकिन असल में एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस पेट से जुड़ी एक आम बीमारी है। ये सिर्फ खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी हो सकती है। सही देखभाल और समय पर इलाज से ज़्यादातर मरीज कुछ ही दिनों में पूरी तरह ठीक हो जाते हैं।
एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस पेट और आंतों में होने वाली सूजन को कहा जाता है। इसके लक्षण अचानक शुरू होते हैं। आमतौर पर मरीज को पेट दर्द या ऐंठन, दस्त, उल्टी, मतली और कभी-कभी बुखार भी हो सकता है। कई बार व्यक्ति एकदम ठीक महसूस कर रहा होता है और कुछ ही घंटों में हालत बिगड़ जाती है। इलाज की बात करें तो सबसे ज़रूरी है शरीर में पानी की कमी न होने देना।