नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग 2011 से अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नित नये रिकार्ड बनाने वाले क्रिस गेल 2014 में न सिर्फ रन बनाने के लिये जूझते दिखे, बल्कि उनके आक्रामक तेवर की धार भी कुंद दीखी। यही वजह रही कि छह मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 100 से भी कम रहा।
गेल चोटिल होने के कारण आईपीएल सात के शुरूआती मुकाबले में नहीं खेल पाये थे। इसके बाद उन्होंने नौ मैचों में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर की तरफ से पारी का आगाज किया लेकिन वह 21.77 की औसत से केवल 196 रन ही बना पाये और उनका स्ट्राइक रेट 106.52 रहा। यही नहीं वह इस बार एक भी अर्धशतक नहीं जमा पाये। यह स्थिति उस गेल की है जिन्होंने इससे पहले के तीनों सत्र में कम से कम एक शतक जरूर बनाया और उनका स्ट्राइक रेट 150 रन से अधिक रहा।
गेल ने 2011 में 12 मुकाबलों में 608 रन बनाये जिसमें दो शतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 183.13 रहा। इसके एक साल बाद उन्होंने 15 मैचों में 160.74 की स्ट्राइक रेट से रिकार्ड 733 रन बनाये। गत वर्ष यानि 2013 में गेल ने 16 मुकाबलों में 708 रन ठोके और उनका स्ट्राइक रेट 156.29 रहा। लेकिन इस बार कहानी एकदम से उलट दीखी। आलम यह था कि छह मैचों में गेल का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा। उनका उच्चतम स्कोर 46 रन था जो उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ रांची में बनाया था। उन्होंने इस पारी में 50 गेंद खेली तथा इस तरह से उनका स्ट्राइक रेट 92.00 रहा।
इसके अलावा पांच अन्य मैचों में गेल का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा। उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ सात गेंद पर चार रन, राजस्थान रायल्स के खिलाफ 25 गेंद पर 19 रन, दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 23 गेंद पर 22 रन, सनराजइर्स हैदराबाद के खिलाफ 20 गेंद पर 14 रन और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ नौ गेंद पर छह रन बनाये। केवल तीन मैचों में ही गेल का स्ट्राइक रेट 100 से अधिक रहा लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उनकी असफलता का असर आरसीबी के प्रदर्शन पर भी पड़ा और वह 14 मैच में केवल पांच मैचों में जीत दर्ज करके अंकतालिका में सातवें स्थान पर रहकर प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो गया। गेल जिन नौ मैचों में खेले उनमें से छह में आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा था। गेल को छक्कों का बादशाह माना जाता है। आईपीएल में उनके नाम पर सर्वाधिक 192 छक्के जड़ने का रिकार्ड है। उनके बाद दूसरे स्थान पर सुरेश रैना हैं जिन्होंने 126 छक्के लगाये हैं लेकिन गेल इस सत्र में केवल 12 छक्के ही लगा पाये। इससे पहले उन्होंने 2011 में 44 छक्के, 2012 में 59 छक्के और 2013 में 51 छक्के लगाये थे।

हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार