भारतीय टीम के युवा स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा की हेल्थ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। तिलक वर्मा ने बताया कि अभिषेक हाल ही में जांच के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे, जहां से अब उन्हें छुट्टी मिल चुकी है। हालांकि अगले मुकाबले में उनकी उपलब्धता को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस पर करीबी नजर बनाए हुए है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया को राहत की खबर मिली है। भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अभिषेक शर्मा पेट की परेशानी के चलते मेडिकल जांच के लिए अस्पताल गए थे, जहां जरूरी टेस्ट के बाद उन्हें बुधवार (11 फरवरी) को छुट्टी दे दी गई। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेल पाएंगे या नहीं।
अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं होते हैं तो प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। इस स्थिति में सैमसन ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में अभिषेक और सैमसन ओपनिंग जोड़ी के तौर पर खेले थे, लेकिन संजू सैमसन उस सीरीज में पूरी तरफ फलॉप हो गए थे और उसके बाद वर्ल्ड के पहले मैच में उन्हें टीम में जगह नहीं मिल पाई थी।
भारत और यूएसए के बीच हुए पहले मुकाबले के दौरान अभिषेक शर्मा को पेट खराब होने की शिकायत हुई थी। इस मैच में वह खाता खोले बिना आउट हो गए थे और बाद में दूसरी पारी में फील्डिंग के लिए भी मैदान पर नहीं उतर पाए थे।
इसके बाद दिल्ली में फ्लडलाइट्स में हुए प्रैक्टिस सेशन में भी अभिषेक शर्मा नजर नहीं आए, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर चिंताएं और बढ़ गई थीं। अब अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जरूर राहत मिली है, लेकिन टीम उन्हें लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि एशिया कप 2025 के बाद से अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और लगातार टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज बने हुए हैं। टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर खास सतर्क है, क्योंकि ग्रुप स्टेज में भारत का तीसरा मुकाबला चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ होना है। उस बड़े मैच के लिए भारत अपनी सबसे मजबूत टीम मैदान में उतारना चाहेगा और अभिषेक शर्मा इस कॉम्बिनेशन का अहम हिस्सा हैं।