लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल (4/68) के नेतृत्व में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर भारत ने यहां मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को इंग्लैंड की पहली पारी 205 रनों पर सिमेट दी।

Advertisement

भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 24 रन बना लिए हैं और वह अभी 181 रन पीछे है। स्टंप्स तक चेतेश्वर पुजारा 36 गेंदों पर एक चौके की मदद से 15 रन और रोहित शर्मा 34 गेंदों पर एक चौके के सहारे आठ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स एंडरसन ने एक भी रन लुटाए बिना एक विकेट लिया।

Advertisement

इंग्लैंड को ऑलआउट करने के बाद उतरी टीम इंडिया की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही और जेम्स एंडरसन ने भारतीय पारी की तीसरी गेंद पर ही शुभमन गिल को आउट कर टीम इंडिया को पहला झटका दिया। शुभमन तीन गेंदें खेल खाता खोले बिना आउट हुए।

इससे पहले, इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। अक्षर ने सलामी बल्लेबाज डोमिनिक सिब्ले को बोल्ड कर सस्ते में आउट किया और इंग्लैंड को पहला झटका दिया। सिब्ले ने आठ गेंद खेल दो रन बनाए।

इंग्लैंड पहले झटके से उबर भी नहीं पाया था कि तभी अक्षर ने जैक क्रावली को सिराज के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। क्रावली ने 30 गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाए।

इसके बाद इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट ने जॉनी बेयरस्टो के साथ पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन सिराज ने रूट को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दे दिया। रूट ने नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाए।

 
Advertisement

स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो ने टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन सिराज ने बेयरस्टो को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को एक और झटका दे दिया। बेयरस्टो ने 67 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 28 रन बनाए।

स्टोक्स ने इसके बाद ओली पोप के साथ पारी आगे बढ़ाई और सधी हुई बल्लेबाजी कर अपने टेस्ट करियर का 24वां अर्धशतक पूरा किया तथा टीम को शुरुआती झटकों से उबारने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई।

स्टोक्स हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद ज्यादा देर तक अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और सुंदर की गेंद पर पगबाधा आउट होकर पाचवें बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। स्टोक्स ने 121 गेंदों पर 55 रन की अपनी पारी में छह चौके और दो छक्का जड़ा।

Advertisement

स्टोक्स के बाद अश्विन ने शुभमन गिल के हाथों कैच कराकर पोप को आउट किया। पोप ने 87 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 29 रन बनाए। नए बल्लेबाज के रूप में उतरे बेन फोक्स भी अश्विन ने अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। फोक्स ने 12 गेंदें खेल एक रन बनाया।

लॉरेंस ने इसके बाद कुछ समय तक क्रीज पर टिककर पारी को संभलाने की कोशिश की लेकिन अक्षर ने विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों स्टंप्स कराकर उनकी पारी का अंत कर दिया। लॉरेंस ने 74 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 46 रन बनाए।

लॉरेंस के आउट होने के तुरंत बाद ही अक्षर ने डॉमिनिक बेस को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को नौंवां झटका दिया। अश्विन ने इसके बाद जैक लीच को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को आखिरी झटका दिया। लीच ने 17 गेंदों पर एक चौके के सहारे सात रन बनाए जबकि जेम्स एंडरसन 15 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर नाबाद रहे।

Advertisement

भारत की ओर से अक्षर के अलावा रविचंद्रन अश्विन ने 47 रन देकर तीन विकेट, मोहम्मद सिराज ने 45 रन देकर दो विकेट और वाशिंगटन सुंदर ने 14 रन देकर एक विकेट लिया। ईशांत शर्मा 23 रन देकर खाली हाथ रहे।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार