पाकिस्तान के बल्लेबाज अहमद शहजाद ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) से संन्यास की घोषणा करते हुए क्रिकेट जगत और अपने फैंस को एक बड़ा झटका दे दिया है। शहजाद ने हाल ही में पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में भी शानदार बल्लेबाजी की थी और कुछ ऐसी पारियां खेली थी जिसके बाद उन्हें और उनके फैंस को उम्मीद थी कि पीएसएल 2024 प्लेयर ड्राफ्ट में उन्हें छह फ्रेंचाइजी में से कोई ना कोई जरूर चुनेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ और किसी ने भी उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई।

Advertisement

अपनी निराशा जाहिर करने के लिए शहजाद ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और सरेआम पीएसएल पर अपनी नाराजगी जाहिर की। शहज़ाद ने पीएसएल से अपनी रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए कहा कि वो इन छह फ्रेंचाइजियों के लिए कभी नहीं खेलेंगे।

Advertisement

अहमद शहजाद ने लिखा, "पाकिस्तान सुपर लीग को हार्दिक अलविदा! मैं ये नोट लिख रहा हूं, जिसके बारे में मैंने सोचा था कि मैं इस साल नहीं लिखूंगा। एक और पीएसएल ड्राफ्ट चला गया और वही पुरानी कहानी। मुझे नहीं चुना गया, भगवान जाने क्यों। मैंने पिछले कुछ वर्षों में लगातार घरेलू सर्किट में सब कुछ देकर वास्तव में कड़ी मेहनत की है और पीएसएल ड्राफ्ट से ठीक पहले राष्ट्रीय टी-20 कप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसा लगता है कि मुझे बाहर रखने के लिए एक जानबूझकर प्रयास किया गया है। यहां तक कि फ्रेंचाइजियों ने भी मेरे मुकाबले दूसरे खिलाड़ियों को चुना और उनके आंकड़े भी मुझसे काफी खराब हैं लेकिन जब सब कुछ पूर्व-योजनाबद्ध होता है तो इससे वास्तव में कोई फर्क नहीं पड़ता।''

आगे बोलते हुए शहज़ाद ने कहा, "मुझे नहीं पता कि शीर्ष घरेलू खिलाड़ियों को पीएसएल में लाने की जिम्मेदारी किसकी है। लेकिन मैं उन कारणों को अच्छी तरह जानता हूं कि मुझे पीएसएल का हिस्सा क्यों नहीं बनाया गया। पूरा देश और मेरे प्रशंसकों को ये बहुत जल्द पता चल जाएगा। मैं अपने रास्ते अलग कर रहा हूं और अपने आत्मसम्मान के लिए पाकिस्तान सुपर लीग को अलविदा कह रहा हूं। मैंने कभी पैसे के लिए नहीं खेला है और ऐसा कभी नहीं करूंगा। जबकि कई लोगों ने दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय लीग को चुना, मैंने घरेलू सर्किट में काम करने का फैसला किया। मैं ये निर्णय पैसे को दूर रखते हुए ले रहा हूं, मुझे विदेशी लीग्स खेलने के लिए कई अनुबंधों की पेशकश की गई थी लेकिन फिर भी मैंने पाकिस्तान को चुना। मैं इन 6 टीमों के साथ दोबारा पीएसएल नहीं खेलूंगा ऐसा लगता है कि मुझे पीएसएल से दूर रखना एक साझा जिम्मेदारी है और सभी फ्रेंचाइजियों ने हाथ मिलाया है।''

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार