IPL 2026, Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। फिन एलन और अजिंक्य रहाणे ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, वहीं मध्य ओवरों में अंगकृष रघुवंशी ने भी अर्धशतक जमाया। अंत में रिंकू सिंह ने तेज रन जोड़ते हुए टीम के स्कोर को 220 तक पहुंचाया।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का दूसरा मुकाबला रविवार (29 मार्च) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लाइव स्कोर देखें यहां
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर कोलकाता नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाज कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 69 रन जोड़े।। फिन एलन ने आक्रामक अंदाज में 17 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 67 रन की बेहतरीन पारी खेली।
मध्य ओवरों में अंगकृष रघुवंशी ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 29 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी और रनगति को बनाए रखा।
पारी के आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन की अहम पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जिसकी बदौलत KKR ने 20 ओवर में 220 रन बना दिए।
मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर सबसे सफल रहे और उन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या को भी 1 विकेट मिला।
Also Read: LIVE Cricket Score
टीमें इस मैच के लिए
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग XI): रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, अल्लाह गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
इंम्पैक्ट प्लेयर: सूर्यकुमार यादव, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, राज बावा, अश्विनी कुमार।
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग XI): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन , कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नारायण, अनुकुल रॉय, ब्लेसिंग मुज़रबानी, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती।
इंम्पैक्ट प्लेयर: मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे, तेजस्वी दहिया।