भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा (Amit Mishra) ने विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर बड़ा दावा किया है। मिश्रा का कहना है कि चोट से उबरने के बाद उन्हें भारतीय टीम में वापसी का भरोसा दिया गया था, लेकिन पूरी तरह फिट होने के बावजूद उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला।
अमित मिश्रा ने यह बातें पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा के साथ 'Baith & Bol' पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने बताया कि जब वह चोटिल हुए थे, तब अनिल कुंबले भारतीय टीम के कोच थे। चोट लगने के बाद जब मिश्रा टीम से बाहर हुए, तो उन्होंने कुंबले से अपनी वापसी को लेकर बात की थी। मिश्रा के मुताबिक, कुंबले ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि फिट होने के बाद वह टीम में वापसी कर सकते हैं।
मिश्रा ने यह भी बताया कि उन्होंने उस टीम के नए कप्तान बने कोहली से भी अपनी वापसी को लेकर बात की थी। मिश्रा के अनुसार, कोहली ने उनसे कहा था कि वह पहले पूरी तरह फिट हो जाएं और सहज महसूस करें, उसके बाद टीम में वापसी को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, मिश्रा का दावा है कि जब वह चोट से उबरकर पूरी तरह फिट हो गए, तो स्थिति पहले जैसी नहीं रही। उन्होंने विराट कोहली से संपर्क कर पूछा कि उनकी वापसी को लेकर क्या फैसला हुआ है। मिश्रा के मुताबिक, कोहली ने उन्हें एक हफ्ते से 10 दिन के भीतर जानकारी देने की बात कही थी, लेकिन समय बीतने के बावजूद उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
मिश्रा ने बताया कि एक हफ्ते से दो हफ्ते और फिर तीन हफ्ते बीत गए, लेकिन उन्हें टीम में वापसी को लेकर कोई अपडेट नहीं दिया गया। उन्होंने विराट को फोन किया और मैसेज भी भेजे, लेकिन उनके मुताबिक, न तो कॉल का जवाब मिला और न ही मैसेज का। जिसके बाद उन्होंने भी कोशिश करना छोड़ दिया।
मिश्रा ने इस दौरान अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि जब कोई आपको टीम में नहीं चाहता, तो आप ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनसे ज्यादा गंभीर चोटों से जूझने वाले और लंबे समय तक टीम से बाहर रहने वाले खिलाड़ियों को वापसी का मौका मिला, लेकिन उन्हें आज तक इस बात का जवाब नहीं मिला कि उनके साथ ऐसा क्यों हुआ।
VIDEO:
Also Read: LIVE Cricket Score
अमित मिश्रा ने भारतीय टीम के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। इस दौरान उनके नाम कुलअमित मिश्रा ने 156 इंटरनेशनल विकेट दर्ज हुए।