Australia Women vs India Women 1st T20: हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की कैप्टेंसी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम (India Women Cricket Team) ने रविवार, 15 फरवरी को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम (Australia Women Cricket Team) को पहले टी20 मुकाबले में DLS विधि से 21 रनों से हराकर धूल चटाई। गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय टीम की जीत की नायिक अरुंधित रेड्डी (Arundati Reddy) रहीं, जिन्होंने मेजबान टीम के 4 विकेट चटकाए।
18 ओवर में ऑल आउट हुई मेजबान ऑस्ट्रेलिया: टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में सोफी मोलिनेक्स की कैप्टेंसी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी बैटिंग के दौरान मैदान पर संघर्ष करती दिखी। आलम ये रहा कि वो पूरे 20 ओवर भी मैदान पर नहीं टिक नहीं पाए और 18 ओवर में 133 रन बनाकर ऑल आउट हो गए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वेयरहैम ने सबसे ज्यादा रन बनाए और 19 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। उनके अलावा फीबी लिचफील्ड (19 गेंदों पर 26 रन), एलिस पेरी (11 गेंदों पर 20 रन) और जॉर्जिया वोल (10 गेंदों पर 18 रन) ने भी थोड़े-थोड़े रन जोड़े।
अरुंधित रेड्डी ने गेंदबाज़ी से मचाया धमाल: SCG की पिच पर बॉलर्स के लिए मदद थी और इसका भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी अरुंधति रेड्डी ने खूब फायदा उठाया। 28 साल की अरुंधति विपक्षी गेंदबाज़ों पर कहर बनकर टूटी और उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 4 विकेट निकाल दिए। उन्होंने फीबी लिचफील्ड, जॉर्जिया वेयरहैम, एशले गार्डनर और डार्सी ब्राउन का विकेट चटकाया।
बताते चलें कि उनके अलावा श्री चरणी और रेणुका सिंह ठाकुर ने 2-2 विकेट झटके। वहीं दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ ने भी 1-1 विकेट निकाला।
21 रनों से जीती टीम इंडिया: भारत-ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले के दौरान सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर लगातार ही काले बादल मंडरा रहे थे और उन्होंने खेल को प्रभावित भी किया। भारतीय टीम की पारी के 5.1 ओवर का खेल हुआ था कि तेज तर्रार बारिश शुरू हो गई जिसके कारण पूरी तरह मुकाबला रोकना पड़ा।
हालांकि तब तक भारतीय टीम ने शेफाली वर्मा (11 गेंदों पर 21 रन), स्मृति मंधाना (17 गेंदों पर नाबाद 16 रन), और जेमिमा रोड्रिग्स (3 गेंदों पर नाबाद 9 रन) की पारियों के दम पर 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन बनाकर मुकाबला अपना मुट्ठी में कर लिया था। DLS विधि से भारत के सामने 30 रनों का लक्ष्य था जिसे भारतीय टीम प्राप्त कर चुकी थी। इसी के साथ हरमनप्रीत कौर की कैप्टेंसी वाली टीम इंडिया अब तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है।