ICC Women's T20 World Cup 2026 Final, ENG-W vs AUS-W: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाए थे, लेकिन बेथ मूनी और फीबी लिचफील्ड की शानदार पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 17 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (5 जुलाई) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। इस खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनकी टीम ने शुरुआत से ही इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। एमी जोन्स 6 रन और डैनी वायट-हॉज 8 रन बनाकर जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने एक छोर संभाला और उन्हें पहले कुछ देर एलिस कैप्सी का साथ मिला, जिन्होंने 23 गेंदों में 20 रन बनाए।
इसके बाद फ्रेया कैम्प ने साइवर-ब्रंट का साथ निभाते हुए पांचवें विकेट के लिए 55 गेंदों में 80 रन की साझेदारी की। नेट साइवर-ब्रंट ने 53 गेंदों में नाबाद 58 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि फ्रेया कैम्प ने 28 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाकर इंग्लैंड को 150 रन के इस सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एन्नाबेल सदरलैंड, कप्तान सोफी मोलिनेक्स, किम गार्थ और लूसी हैमिल्टनर ने 1-1 विकेट हासिल किया।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने शानदार बल्लेबाजी की और फीबी लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 100 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की। इस साझेदारी ने इंग्लैंड की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया।
फीबी लिचफील्ड ने 35 गेंदों में 48 रन की शानदार पारी खेली, जबकि बेथ मूनी ने 49 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। उनकी इस मैच जिताऊ पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर यह लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से फाइनल अपने नाम कर लिया।
इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में लॉरेन बेल, सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन को ही 1-1 विकेट मिल पाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखते हुए 2010, 2012, 2014, 2018, 2020, 2023 और अब 2026 में रिकॉर्ड सातवीं बार आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया।