Axar Patel, 100 T20Is: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपने करियर का एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। गुरुवार (9 जुलाई) को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में जैसे ही वह मैदान पर उतरे, वह टी20 इंटरनेशनल में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पांचवे भारतीय खिलाड़ी बन गए।
दरअसल, अक्षर पटेल का आज अपना 100वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं और भारत के लिए 100 या उससे ज्यादा टी20I मुकाबले खेलने वाले सिर्फ पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के नाम थी।
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम है। रोहित ने अपने करियर में 159 टी20I मैच खेले हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर हार्दिक पांड्या हैं, जिन्होंने 138 मुकाबले खेले हैं। विराट कोहली 125 मैचों के साथ तीसरे और सूर्यकुमार यादव 113 मैचों के साथ चौथे स्थान पर मौजूद हैं। अब अक्षर पटेल ने भी 100 मैच पूरे कर इस सूची में अपनी एंट्री दर्ज करा दी है।
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20I मैच खेलने वाले खिलाड़ी
- रोहित शर्मा – 159 मैच
- हार्दिक पांड्या – 138 मैच
- विराट कोहली – 125 मैच
- सूर्यकुमार यादव – 113 मैच
- अक्षर पटेल – 100 मैच
अगर अक्षर पटेल के टी20 इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने इन 100 मुकाबलों में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी में उन्होंने अब तक 101 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 21.86 और इकॉनमी 7.44 की रही है।वहीं बल्लेबाजी में भी अक्षर ने कई मौकों पर टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है। उन्होंने 131 के शानदार स्ट्राइक रेट से 746 रन बनाए हैं और निचले क्रम में कई उपयोगी पारियां खेली हैं। पिछले कुछ वर्षों में वह भारतीय टी20 टीम के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में से एक बनकर उभरे हैं।
मैच की बात करें तो भारत ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। चोटिल हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती की जगह प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिला है। दूसरी ओर इंग्लैंड ने भी एक बदलाव करते हुए लियाम डॉसन की जगह रेहान अहमद को टीम में शामिल किया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
सीरीज में भारत 2-0 से पीछे चल रहा है और यह मुकाबला उसके लिए किसी करो या मरो से कम नहीं है। ऐसे में अपने 100वें टी20I मैच में अक्षर पटेल पर भी एक बड़ी जिम्मेदारी होगी कि वह बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम योगदान दें और भारत की सीरीज में वापसी की उम्मीदों को जिंदा रखें।