Ben Duckett Shatters Viv Richards 47 Year Old Record: इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में ऐसी पारी खेली, जिसने वस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज विव रिचर्ड्स का 47 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इंग्लैंड और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार (19 जुलाई) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड के स्टार ओपनर बेन डकेट ने बल्ले से ऐसा धमाका किया कि 47 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड इतिहास बन गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 135 गेंदों में 141 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 18 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
31 वर्षीय डकेट ने इस सीरीज का पहला शतक जड़ते हुए न सिर्फ इंग्लैंड को मजबूत शुरुआत दिलाई, बल्कि लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इस मुकाबले से पहले लॉर्ड्स में वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स के नाम दर्ज था। रिचर्ड्स ने 1979 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 138 रन बनाए थे। उनका यह रिकॉर्ड करीब 47 साल तक कायम रहा, लेकिन अब बेन डकेट ने 141 रन बनाकर उसे पीछे छोड़ दिया।
लॉर्ड्स में सबसे बड़ी वनडे पारियां
- 141 रन – बेन डकेट बनाम भारत (2026)
- 138 रन– विव रिचर्ड्स बनाम इंग्लैंड (1979 वर्ल्ड कप फाइनल)
- 137 रन– डेनिस एमिस बनाम भारत (1975)
- 137 रन– मार्कस ट्रेस्कोथिक बनाम पाकिस्तान (2001)
- 136 रन– ग्राहम गूच बनाम ऑस्ट्रेलिया (1989)
बेन डकेट की यह 141 रन की पारी भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए वनडे मुकाबलों के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी बन गई। इस मामले में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस 158 रन के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि युवराज सिंह 150 रन के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद हैं।
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर
- 158 रन– एंड्रयू स्ट्रॉस (2011)
- 150 रन– युवराज सिंह (2017)
- 141 रन– बेन डकेट (2026)
- 138 रन– युवराज सिंह (2008)
- 137 रन– रोहित शर्मा (2018)
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 388 रन का विशाल लक्ष्य रखा। बेन डकेट (141) के अलावा जैकब बेथेल ने 93 गेंदों में 91 रन और जो रूट ने 48 गेंदों में नाबाद 74 रन का अहम योगदान दिया। वहीं आखिरी ओवरों में जोस बटलर ने सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 41 रन की विस्फोटक पारी खेलकर इंग्लैंड के स्कोर को 350 के पार पहुंचा दिया।