श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास (Chaminda Vaas) दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के तेज गेंदबाजी कोच का पद संभालने वाले हैं, क्योंकि फ़्रैंचाइजी अगले आईपीएल सीज़न से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव कर रही है।
हालांकि फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन स्पोर्टस्टार की खबर के अनुसार पूर्व श्रीलंकाई खिलाड़ी नई दिल्ली में टीम के तैयारी कैंप और ट्रायल्स में शामिल हो गए हैं।
51 साल के वास श्रीलंका के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में एक हैं। उन्होंने श्रीलंका के लिए 111 टेस्ट और 332 वनडे मैच खेले, जिसमें क्रमश: 355 और 400 विकेट लिए। वह 1996 में वर्ल्ड कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम का हिस्सा थे।
संन्यास के बाद उन्होंने श्रीलंका और अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ कोचिंग की भूमिकाओं में काम किया है। तेज गेंदबाज़ों को तैयार करने और उनके साथ काम करने का उनका अनुभव कैपिटल्स की टीम के लिए एक अहम योगदान साबित हो सकता है।
इसके अलावा भारत के दिग्गज स्पिनर अमित मिश्रा भी कैंप में शामिल हुए औऱ टीम के साथ स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में काम करेंगे। मिश्रा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में एक हैं और उनका अनुभव टीम के लिए काफी अहम साबित हो सकता है।
बता दें कि काफी पहले ही खबरें आ चुकी हैं कि भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली टीम के नए हेड कोच होंगे, वह हेमांग बदानी की जगह लेंगे। वहीं भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह असिस्टेंट कोच के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी।