IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू होने वाली है। सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस सीरीज में कई अहम खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बीच मैदान पर उतरेगी।
साईं सुदर्शन पैर के अंगूठे की चोट से समय पर नहीं उबर पाए और पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह भी इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। इसी बीच हाल ही में पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए गाले टेस्ट के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन चुनी है।
दीप दासगुप्ता ने पारी की शुरुआत के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल को ओपनिंग जोड़ी के तौर पर चुना है। नंबर-3 पर दासगुप्ता ने देवदत्त पडिक्कल को चुना है। उनके मुताबिक साईं सुदर्शन की गैरमौजूदगी में पडिक्कल को यह जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल को नंबर-4 पर रखा गया है।
नंबर-5 पर ऋषभ पंत को जगह दी गई है। पंत अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मध्यक्रम में तेजी ला सकते हैं। वहीं उनके बाद ध्रुव जुरेल को दूसरे विकेटकीपर विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।
स्पिन विभाग में दासगुप्ता ने तीन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। रवींद्र जडेजा के साथ मानव सुथार और कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है। श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए यह स्पिन तिकड़ी भारतीय टीम के लिए काफी अहम साबित हो सकती है।
गेंदबाजी में दासगुप्ता ने मोहम्मद सिराज के साथ गुरनूर बराड़ को चुना है। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज पर तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की जिम्मेदारी होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
दीप दासगुप्ता की गाले टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग XI:
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़ और मोहम्मद सिराज।