IPL 2026, Delhi Capitals vs Rajasthan Royals Highlights: अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार (17 मई) को खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 193 रन का स्कोर बनाया, लेकिन केएल राहुल और अभिषेक पोरेल की दमदार शुरुआत के चलते दिल्ली ने यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में 46 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 70 रन की तेज साझेदारी भी निभाई।
इसके बाद मध्य ओवरों में ध्रुव जुरेल और कप्तान रियान पराग ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 72 रन जोड़े। रियान पराग ने 26 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने 40 गेंदों में 53 रन बनाए। इन पारियों के दम पर राजस्थान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 193 रन का स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिचेल स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट झटके। वहीं माधव तिवारी और लुंगी एनगिडी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 61 गेंदों में 105 रन की बेहतरीन साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
अभिषेक पोरेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने जिम्मेदारी संभाली और 18 गेंदों में नाबाद 34 रन की अहम पारी खेली।
आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने भी तेजी दिखाई और सिर्फ 5 गेंदों में नाबाद 18 रन ठोक दिए। नतीजन दिल्ली कैपिटल्स ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि दासुन शनाका को 1 सफलता मिली।