इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 51वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच शुक्रवार, 08 मई को अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि इस दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, फैंस के लिए अच्छी खबर है क्योंकि नई दिल्ली में मैच के दौरान मौसम साफ़ रहने की उम्मीद है। तापमान लगभग 22°C और ह्यूमिडिटी 45% रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है जिसका मतलब ये है कि फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि आईपीएल के पिछले सीजन इन दोनों टीमों के बीच सिर्फ एक ही मुकाबला खेला गया था जो कि दिल्ली के मैदान पर ही कोलकाता नाइट राइडर्स ने 204 रन का स्कोर डिफेंड करके दिल्ली कैपिटल्स से 14 रनों से जीता। इस मुकाबले में अंगकृष रघुवंशी ने 32 गेंदों पर 44 रन ठोके थे, वहीं सुनील नारायण ने 3 विकेट चटकाए थे। ऐसे में इस मैच में भी केकेआर से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
ये मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा जहां टॉस जीतने वाली टीम रन चेज करना काफी ज्यादा पसंद करती है। ये एक हाई स्कोरिंग वेन्यू है जहां खेले गए आखिरी पांच टी20 मुकाबलों में चार रन चेज़ करते हुए जीते गए हैं। यहां पहले बैटिंग करने वाली टीम को कम से कम 200 रन तो बनाने ही होंगे। बात करें अगर यहां खेले गए आखिरी मुकाबले की तो वो चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने 17.3 ओवर में 156 रनों का लक्ष्य हासिल करके 8 विकेट से जीता था। इस मुकाबले में 37.3 ओवर के खेल में 314 रन बने और 9 विकेट गिरे।