भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में मेंटॉर की भूमिका निभाना बिल्कुल स्वाभाविक है। उन्होंने बताया कि भारत के पूर्व कप्तान मैदान पर टीम की कप्तानी करते समय भी कई खिलाड़ियों को गाइड करते थे और उन्हें तैयार करते थे।

बतौर खिलाड़ी आईपीएल से संन्यास ले चुके धोनी 2027 सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटॉर के रूप में एक नए अध्याय की शुरुआत करेंगे। पठान ने कहा कि मेंटरशिप धोनी के लिए कोई नई जिम्मेदारी नहीं है। टीम के साथियों पर उनका प्रभाव उनकी कप्तानी की जिम्मेदारियों से कहीं बढ़कर था।

इरफान पठान ने आईएएनएस से ​​कहा, "एमएस धोनी के लिए मेंटॉरशिप कोई नई बात नहीं है। जब वे कप्तान थे, तब भी वे कई खिलाड़ियों को मेंटर करते थे। मुझे यकीन है कि उनके क्रिकेट खेलने का सफर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन खेल में योगदान देने का उनका सफर जारी रहेगा।"

पठान ने धोनी को उनके शानदार करियर के लिए बधाई देते हुए कहा, "उनका करियर बहुत शानदार रहा है और उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। एक दोस्त के तौर पर, जिसने उनके साथ इतने साल बिताए हैं और उनके साथ क्रिकेट खेला है, मुझे एमएस धोनी के करियर पर बहुत गर्व है।"

धोनी को मैदान पर खेलते हुए न देख पाने से निराश फैंस की भावनाओं को समझते हुए इरफान पठान ने भरोसा दिलाया कि सीएसके के पूर्व कप्तान टीम के साथ बने रहेंगे। पठान ने कहा, "वे मैदान पर दिखेंगे ही, है ना? वे नियमित रूप से वहां मौजूद रहेंगे, इसलिए चिंता करने की कोई बात नहीं है।"

धोनी ने लगभग दो दशक लंबे अपने आईपीएल करियर को अलविदा कह दिया है। उन्होंने इस लीग में में कुल 278 मैच खेलते हुए 5,439 रन बनाए। माही की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने साल 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीते।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार