अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर रहमत शाह को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बड़ी गलतफहमी फैल गई है। कई लोग ये दावा करने लगे कि 32 साल के रहमत शाह का निधन हो गया है। देखते ही देखते ये खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फैंस उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे। लेकिन आखिर में इस घटना की सच्चाई कुछ और ही निकली। दरअसल, ये पूरा मामला एक इंस्टाग्राम पोस्ट से शुरू हुआ। अफगानिस्तान के क्रिकेटर करीम जन्नत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक शोक संदेश शेयर किया था। पोस्ट पश्तो भाषा में थी, जिसेकई लोगों ने गलत तरीके से ट्रांसलेट कर लिया। इसी वजह से लोगों को लगा कि रहमत शाह अब इस दुनिया में नहीं रहे। असल में करीम जन्नत ने रहमत शाह की नहीं, बल्कि उनकी मां के निधन पर दुख जताया था। उन्होंने पोस्ट में रहमत शाह और उनके परिवार के लिए संवेदना व्यक्त की थी। लेकिन इंस्टाग्राम के ऑटो ट्रांसलेशन ने मैसेज का गलत मतलब दिखा दिया, जिससे पूरा कन्फ्यूजन खड़ा हो गया। बाद में जब उसी पोस्ट का सही अनुवाद सामने आया, तब पता चला कि रहमत शाह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके परिवार में उनकी मां का निधन हुआ है। पोस्ट में साफ लिखा था कि करीम जन्नत रहमत शाह की माता के निधन पर दुख जता रहे हैं और उनके परिवार के लिए दुआ कर रहे हैं। इस गलतफहमी को बढ़ाने की एक और वजह ये रही कि पोस्ट के साथ रहमत शाह की तस्वीर भी लगी हुई थी। यही देखकर लोगों ने बिना जांच किए खबर फैलानी शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर “RIP Rahmat Shah” ट्रेंड करने लगा। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक रहमत शाह पूरी तरह ठीक हैं। फैंस से अपील की जा रही है कि किसी भी खबर को शेयर करने से पहले उसकी सही जानकारी जरूर जांच लें, ताकि ऐसी अफवाहें न फैलें।
Advertisement
Advertisement