AFG vs IRE: आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच इन दिनों पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। हालांकि बुधवार (5 अगस्त) को बरेडी क्रिकेट क्लब में होने वाला पहला मुकाबला बारिश की वजह से बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। लेकिन सीरीज के बाकी मुकाबलों में आयरलैंड के अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर जॉर्ज डॉकरेल (George Dockrell) के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा।
दरअसल, 34 साल के बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल अब तक आयरलैंड के लिए 133 वनडे मैचों में 111 विकेट ले चुके हैं। वह वनडे क्रिकेट में आयरलैंड के सबसे सफल गेंदबाज बनने से सिर्फ चार विकेट दूर हैं। यह रिकॉर्ड फिलहाल पूर्व ऑलराउंडर केविन ओ'ब्रायन के नाम दर्ज है, जिन्होंने 153 वनडे मैचों में 114 विकेट चटकाए थे। अगर डॉकरेल अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी चार मुकाबलों में चार विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह आयरलैंड के वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
दिलचस्प बात यह है कि आयरलैंड की ओर से वनडे क्रिकेट में अब तक सिर्फ केविन ओ'ब्रायन और जॉर्ज डॉकरेल ही 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर पाए हैं।
आयरलैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा विकेट
- केविन ओ'ब्रायन – 114 विकेट (153 मैच)
- जॉर्ज डॉकरेल – 111 विकेट (133 मैच)
- बॉयड रैंकिन – 96 विकेट (68 मैच)
- एंडी मैकब्राइन – 91 विकेट (96 मैच)
- क्रेग यंग – 81 विकेट (48 मैच)
पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 7 अगस्त को बरेडी क्रिकेट क्लब में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के आखिरी तीन मुकाबले 10, 12 और 15 अगस्त को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड में होंगे। यानी डॉकरेल के पास इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिए अभी चार मैच बाकी हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले तीन वनडे के लिए आयरलैंड की टीम
पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, एंड्रयू बालबर्नी, बेन कैलिट्ज, कर्टिस कैंफर, कैड कारमाइकल, जॉर्ज डॉकरेल, गेविन होए, एंड्रयू मैकब्राइन, लियाम मैकार्थी, बायरन मैकडोनो, जय मूंदड़ा, हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर।