Heather Knight Announces Retirement From International Cricket: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के मैदान पर एकमात्र टेस्ट मुकाबला (ENG-W vs IND-W One off Test) खेला जा रहा है जिसके बीच मेजबान टीम की दिग्गज क्रिकेटर हीथर नाइट (Heather Knight) ने एक बड़ा फैसला लेकर अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। यानी वो लंदन के आइकॉनिक स्टेडियम में अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला खेल रही हैं।
35 वर्षीय हीथर नाइट ने भावुक होकर अपने रिटायरमेंट के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड की क्रिकेटर के रूप में मैंने जो यात्रा तय की, उसके लिए मैं बेहद आभारी और खुद को भाग्यशाली मानती हूं। इस टीम और ड्रेसिंग रूम से दूर होना आसान नहीं है क्योंकि पिछले 16 वर्षों से यहां के लोग मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रहे हैं। इन यादों, अनुभवों और लोगों ने मुझे वह इंसान बनने में मदद की, जो मैं आज हूं। मैं अपने फैसले को लेकर पूरी तरह संतुष्ट हूं और आने वाले समय को लेकर उत्साहित हूं।'
गौरतलब है कि हीथर नाइट ने साल 2010 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी और आज वो इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक इंटरनेशनल मुकाबले खेलने वाली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 320 इंटरनेशनल मैच खेलकर ये रिकॉर्ड बनाया है।
इसके अलावा उन्होंने साल 2016 से लेकर साल 2025 तक इंग्लैंड की कैप्टेंसी भी की और इसी बीच साल 2017 में उन्हें चैंपियन का टाइटल भी जिताया। उनकी कैप्टेंसी में इंग्लैंड ने 199 मुकाबलों में से 134 मुकाबले जीते।
इसके अलावा हीथर नाइट टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाली पहली इंग्लिश महिला क्रिकेटर हैं। उन्होंने अपने देश के लिए 15 टेस्ट, 160 वनडे और 145 टी20 मुकाबले खेले। ध्यान दें कि खबर लिखे जान तक उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में फिलहाल 6 शतक के साथ 7,988 रन दर्ज हैं।
बात करें अगर लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड की पहली इनिंग में हीथर नाइट के प्रदर्शन की तो वो 25 गेंदों पर 06 रन बनाकर आउट हुईं। ऐसे में अब ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वो अपनी दूसरी इनिंग में कुछ कमाल कर पाती हैं या नहीं। बताते चलें कि इस मुकाबले के दूसरे दिन के खेल के अंत तक टीम इंडिया ने इंग्लैंड पर 269 रनों की बढ़त बना ली है।
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारतीय महिला टीम (प्लेइंग XI): स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, सायली सतघारे, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड महिला टीम (प्लेइंग XI): टैमी ब्यूमोंट, माया बाउचर, हीथर नाइट, नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), ऐलिस कैपसी, एमी जोन्स (विकेटकीपर), मैडी विलियर्स, सोफी एक्लेस्टोन, इज़ी वोंग, लॉरेन बेल, लॉरेन फाइलर।