इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक के बाद एक बुरी खबर आती जा रही है। केकेआर की टीम पहले से ही तेज़ गेंदबाज़ी की परेशानियों से जूझ रही थी लेकिन अब ये परेशानी और बढ़ चुकी है। हर्षित राणा और मथीशा पथिराना के बाद, टीम को अब आकाश दीप के रूप में एक और झटका लग चुका है।
ये भारतीय तेज़ गेंदबाज़ आईपीएल 2026 से बाहर हो गया है और उनके बाहर होते ही केकेआर की मुश्किलें बढ़ चुकी हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के एक शीर्ष अधिकारी ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा, "दुर्भाग्य से, वो आईपीएल से बाहर हो गया है। इस सीज़न के लिए उसे बाहर कर दिया गया है।"
गौरतलब है कि 29 वर्षीय इस तेज़ गेंदबाज़ को पिछले साल अबू धाबी में हुए मिनी-ऑक्शन में टीम ने 1 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था। आकाश दीप कोलकाता नाइट राइडर्स के कैंप में भी शामिल नहीं हुए हैं। बताया जा रहा है कि वो बेंगलुरु में सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन से गुज़र रहे हैं। हालांकि, उनको किस प्रकार की चोट लगी है और वो कब तक फिट होंगे, इस बारे में अभी भी जानकारी का इंतजार है।
Also Read: LIVE Cricket Score
माना जा रहा है कि CoE के प्रबंधकों की ओर से खिलाड़ी के संबंध में टीम को कुछ जानकारी दी गई है। आकाश दीप लगातार चोटों का शिकार होते रहे हैं, जिसके कारण उन्हें नियमित रूप से मैच छोड़ने पड़े हैं। फिर चाहे वो भारत के लिए खेल रहे हों या आईपीएल टीम के लिए। 2022 में अपने आईपीएल डेब्यू के बाद से चार सीज़न में, उन्होंने केवल 14 मैच खेले हैं और 10 विकेट लिए हैं। पिछले आईपीएल में, वो लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे, जिन्होंने उन्हें 2025 के ऑक्शन में 8 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन एक सीज़न के बाद ही उन्हें रिलीज़ कर दिया था।