आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। मैच के दौरान हुआ एक मजेदार पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे आईसीसी ने अपने अकाउंट से फिल्मी डॉयलॉग जोड़कर शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में कैप्शन दिया। इस वीडियो को देखकर फैन्स भी हंसी रोक नहीं पाए।
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का तीसरा मुकाबला गुरुवार (2 अक्टूबर) को आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी और टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम 38.3 ओवर में 129 रन पर ढेर हो गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही, जब सलामी बल्लेबाज ओमैमा सोहेल और सिदरा अमीन बिना खाता खोले आउट हो गईं। मुनीबा अली भी 17 रन ही बना सकीं। टीम के लिए कुछ रन रमीन शमीम (23) और कप्तान फातिमा सना (22) ने जोड़े औक बाकी बल्लेबाज फ्लोप रहे।
बांग्लादेश के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। शोर्ना अख्तर ने 3 विकेट झटके, जबकि नाहिदा अख्तर और मारुफा अख्तर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश ने रुब्या हैदर(54 नाबाद) के अर्धशतक से 31.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।
मैच के दौरान एक मजेदार पल भी देखने को मिला। पाकिस्तान की एक बल्लेबाज ने शॉट खेलकर रन लेने की कोशिश की, तभी बांग्लादेश की गेंदबाज ने गेंद रोकने के लिए फुल डाइव लगाया और मैदान पर लेट पड़ी। इस बीच नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ी पाकिस्तानी बल्लेबाज ने दौड़ते हुए गेंदबाज को कूदकर पार किया। यह पल कैमरे में कैद हो गया और आईसीसी ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए मजाकिया कैप्शन डाला, “बिलकुल भी रिस्क नहीं ले सकते”। साथ ही वीडियो में बॉलीवुड फिल्म ‘भूलभुलैया’ का डॉयलॉग “पानी से बचकर रहना, खतरा है तुम्हें पानी से” भी जोड़ दिया।
इस फनी वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया और फैन्स भी पाकिस्तान का मजाक उड़ाते नजर आए।