क्रिकेट फैंस के लिए वनडे वर्ल्ड कप 2027 किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होने वाला है। साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।

Advertisement

दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने आगामी वनडे वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव किया है। 2023 और 2026 की तरह इस बार भी टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन अब इसमें 'सुपर सीरीज' और 'सुपर सेवन' नाम के दो नए चरण जोड़ दिए गए हैं।

टूर्नामेंट की शुरुआत सुपर सीरीज चरण से होगी। 14 टीमों में से नीचे की तीन टीमें एक अलग सुपर सीरीज खेलेंगी, जिसमें से एक टीम अगले चरण में पहुंच जाएगी।

इसके बाद 12 टीमें दो ग्रुप में बंटेंगी, जिनमें हर ग्रुप में छह-छह टीमें होंगी। दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें और दोनों ग्रुपों में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम सुपर सेवन स्टेज में पहुंचेगी। सुपर सेवन चरण में सातों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

हालांकि ICC ने अभी ग्रुप्स का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जाएगा। ऐसे में दोनों टीमों का पहला मुकाबला ग्रुप स्टेज में हो सकता है। 

अगर दोनों टीमें सुपर सेवन चरण के लिए क्वालिफाई कर जाती हैं, तो इस स्टेज में भी उनका आमना-सामना तय होगा। यानी दूसरा मुकाबला यहां खेला जा सकता है। इसके बाद अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल के समीकरणों में एक-दूसरे के सामने आ जाती हैं, तो क्रिकेट फैंस को तीसरी बार भारत और पाकिस्तान की टक्कर देखने को मिल सकती है।

वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान अब तक आठ बार आमने-सामने आए हैं और हर बार टीम इंडिया ने जीत हासिल की है। खास बात यह है कि दोनों टीमें कभी भी किसी एक वर्ल्ड कप में एक से ज्यादा बार नहीं भिड़ी हैं।

लेकिन ICC के नए फॉर्मेट के बाद पहली बार ऐसा हो सकता है कि क्रिकेट के दो सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी एक ही टूर्नामेंट में तीन बार एक-दूसरे से भिड़ जाएं। अगर ऐसा होता है, तो यह वनडे वर्ल्ड कप 2027 के रोमांच को कई गुना बढ़ा देगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार