गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के स्टार गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अपनी तेज़ गेंदबाज़ी से KKR की हालत खराब कर दी। उन्होंने शुरुआत में ही अंगकृष रघुवंशी को आउट किया और फिर अगले ही ओवर में टिम सेफर्ट को भी पवेलियन भेज दिया।
आईपीएल 2026 का 25वां मुकाबला शुक्रवार (17 अप्रैल) को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जा रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
इसी दबाव को और बढ़ाने का काम कगिसो रबाडा ने किया। पारी का दूसरा और अपने पहला ही ओवर डाल रहे रबाडा ने आखिरी गेंद टेस्ट मैच जैसी सटीक लाइन और लेंथ पर रखी। अंगकृष रघुवंशी ने इस गेंद को थर्ड मैन की ओर खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों में चली गई और रघुवंशी 4 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए।
रबाडा यहीं नहीं रुके। उन्होंने अगले ओवर में फिर से कमाल दिखाया और टिम सेफर्ट को भी अपने जाल में फंसा लिया। ऑफ स्टंप के बाहर डाली गई गेंद पर सेफर्ट बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद उम्मीद से कम उछली और वह सीधे कवर-पॉइंट पर खड़े ग्लेन फिलिप्स के हाथों में कैच दे बैठे। नतीजन सेफर्ट 14 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गए।
VIDEO:
इस तरह कगिसो रबाडा ने दो ओवर में दो अहम विकेट लेकर KKR को शुरुआती झटकों से उबरने का मौका ही नहीं दिया, जिसके चलते KKR ने महज 32 रन पर ही तीन विकेट खो दिए।
गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स का इस सीजन में प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। टीम अपने पहले पांच मुकाबलों में चार हार चुकी है, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। ऐसे में रबाडा के इस स्पेल ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
टीमें इस मैच के लिए
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग XI): साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक कुमार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: शाहरुख खान, जेसन होल्डर, मानव सुथार, खजरोलिया और रावत।
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग XI): टिम सेफर्ट, सुनील नारायण, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।
Also Read: LIVE Cricket Score
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: वरुण चक्रवर्ती, मनीष पांडेय, फिन एलन, तेजस्वी और नवदीप सैनी।