VIDEO: Nicola Carey का कहर, एक ही ओवर में उड़ा दिए Shafali Verma और Laura Wolvaardt के डंडे

Updated: Sun, Jan 11 2026 00:18 IST
Image Source: X

महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) में निकोला केरी ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी की कमर तोड़ दी। एक ही ओवर में केरी ने शेफाली वर्मा और लोरा वोल्वार्ट को क्लीन बोल्ड कर दिया। इस डबल स्ट्राइक ने मुकाबले का रुख पूरी तरह मुंबई इंडियंस की तरफ मोड़ दिया।

महिला प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे मुकाबले में शनिवार, 10 जनवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाज निकोला केरी ने ऐसा स्पेल फेंका, जिसने दिल्ली कैपिटल्स को संभलने का मौका ही नहीं दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को केरी ने एक ही ओवर में दो बड़े झटके देकर बैकफुट पर धकेल दिया।

दिल्ली की पारी के पांचवें ओवर में गेंदबाज़ी कर रही ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ निकोला केरी ने पहले 8 रन पर शेफाली वर्मा को क्लीन बोल्ड किया। ऑफ स्टंप के आसपास डाली गई सीम-अप गेंद पर शेफाली आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में चूक गईं और गेंद सीधे स्टंप्स में जा घुसी। इस झटके से दिल्ली की शुरुआत पूरी तरह बिगड़ गई।

अभी टीम शेफाली के आउट होने से उबरी भी नहीं थी कि ओवर की आखिरी गेंद पर केरी ने 9 रन पर लोरा वोल्वार्ट को भी चलता कर दिया। यह गेंद भी लगभग वैसी ही थी। थोड़ी फुलर, अंदर की ओर स्विंग होती हुई। वोल्वार्ट लाइन को अच्छे से नहीं पड़ पाईं और गेंद ने स्टंप्स उड़ा दिए। एक ही ओवर में दो क्लीन बोल्ड विकेट्स ने मुंबई इंडियंस का दबदबा और मजबूत कर दिया।

VIDEO:

मैच की बात करें तो इससे पहले मुंबई इंडियंस ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (74) और नेट साइवर ब्रंट (70) की शानदार पारियों की बदौलत 195 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई। हालांकि चिनेल हेनरी ने 33 गेंदों में 56 रन की संघर्षभरी पारी जरूर खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से समर्थन नहीं मिला और पूरी टीम 19 ओवर में 145 रन पर सिमट गई।

Also Read: LIVE Cricket Score

मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाज़ी में निकोला केरी और अमेलिया केर ने 3-3 विकेट झटके। नेट साइवर ब्रंट को 2 सफलता मिली, जबकि संस्कृति गुप्ता और शबनीम इस्माइल ने 1-1 विकेट हासिल किया। नतीजतन, मुंबई इंडियंस ने 50 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में जोरदार वापसी की।

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार ::

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें