ढाका, 13 जनवरी | लंबे समय तक के ऊहापोह के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने साफ कर दिया है कि उसकी क्रिकेट टीम पाकिस्तान में टेस्ट मैच नहीं खेलेगी। बोर्ड ने साफ किया है कि वह पाकिस्तान में टी-20 मैच खेलने के लिए अपनी टीम को भेजने के लिए तैयार है। बीसीबी ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम पाकिस्तान में टेस्ट मैच श्रृंखला नहीं खेलेगी। लेकिन, पाकिस्तान ने अभी भी उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन अहसान मनी इसी हफ्ते दुबई में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की एक बैठक से इतर बीसीबी अध्यक्ष नजमुल हसन से बात कर उन्हें टेस्ट श्रृंखला के लिए राजी करने का प्रयास करेंगे।

Advertisement

बीसीबी अध्यक्ष नजमुल हसन ने रविवार को बोर्ड की बैठक के बाद ढाका में कहा कि सुरक्षा कारणों से टेस्ट मैच श्रृंखला खेलना संभव नहीं है। ईरान और अमेरिका के बीच के तनाव के बाद मध्यपूर्व में हालात बहुत बिगड़े हुए हैं। यही मुख्य वजह है जिसके कारण सरकार ने बोर्ड को केवल सीमित अवधि के लिए टीम को पाकिस्तान भेजने की इजाजत दी है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व के आज के हालात पहले के तनावों से भी अलग किस्म के हैं। इसीलिए सरकार ने हमसे कहा है कि दौरा जितने कम से कम समय का हो, उतना ही अच्छा है। सरकारी अधिकारियों ने तीन टी-20 मैच जितने जल्दी हों, खेलकर वापस आने के लिए कहा है। बाद में अगर हालात बेहतर हुए तो हम टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के बारे में सोचेंगे।

आईसीसी के फ्यूचर टूर प्रोग्राम के तहत बांग्लादेश को जनवरी-फरवरी में पाकिस्तान में तीन टी-20 मैच और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इससे पहले बीसीबी ने पाकिस्तान में सुरक्षा हालात का हवाला देते हुए टेस्ट मैच पाकिस्तान में खेलने पर हिचकिचाहट दिखाई थी और इन्हें किसी तटस्थ स्थान पर खेलने का प्रस्ताव भी दिया था जिसे पीसीबी ने खारिज कर दिया था। अब बीसीबी ने मध्य पूर्व के हालात को सुरक्षा से जोड़ दिया है।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार