Bangladesh vs Pakistan, 1st Test Day 2: डेब्यू मैच खेल रहे अज़ान अवैस (Azan Awais) के शानदार अर्धशतक की बदौलत पाकिस्तान ने ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन के अंत तक 1 विकेट के नुकसान पर 179 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान अभी भी मेजबान टीम से 234 रन पीछे है।
अवैस ने इमाम-उल-हक के साथ पाकिस्तान को अच्छी शुरूआत दी औऱ दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 22 ओवर में 106 रन जोड़े। इमाम के रूप में पाकिस्तान को एकमात्र झटका लगा,जिन्होंने 72 गेंदों में 45 रन बनाए।
अवैस 133 गेंदों में 85 रन बनाकर और अब्दुल्लाह फजल 78 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़ लिए हैं।
बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज के अलावा कोई अपना विकेट का खाता नहीं खोल पाया।
इससे पहले दूसरे दिन बांग्लादेश की पहली पारी 413 रन पर सिमट गई। मेजबान टीम के आखिरी 6 विकेट सिर्फ 75 रन के अंदर ही गिर गए। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 130 गेंदों में 101 रन बनाए। उनके अलावा मोमिनुल हक ने 200 गेंदों में 91 रन औऱ मुशफिकुर रहीम ने 179 गेंदों में 71 रन की पारी की पारी खेली। इन तीनों के अलावा कोई अपनी छाप नहीं छोड़ पाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अब्बास ने 92 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट, हसन अली और नौमन अली ने 1-1 विकेट अपने खाते में डाला।