IND-A vs PAK-A: एशिया कप राइजिंग स्टार्स (Asia Cup Rising Stars 2026) के मुकाबले में पाकिस्तान ए ने इंडिया ए को 48 रन से हरा दिया। रविवार (22 नवंबर) को दोहा के एशियन टाउन क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान के 314 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की जीत में हसन नवाज़ (Hasan Nawaz) ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने 313 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हसन नवाज़ ने 82 गेंदों में 79 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज माज सदाकत ने 63 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि छठे नंबर पर उतरे फरहान यूसुफ ने 48 गेंदों में 56 रन की अहम पारी खेली। इन तीनों बल्लेबाजों के अर्धशतकों की मदद से पाकिस्तान 300 रन के पार पहुंचा।
314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी खाता भी नहीं खोल सके। कुमार कुशाग्र ने दो और रिंकू सिंह ने छह रन बनाए। ऐसे में भारत ने शुरुआती ओवरों में ही अहम विकेट गंवा दिए।
हालांकि, दूसरे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक छोर संभालते हुए 42 गेंदों में 70 रन की अच्छी पारी खेली। वहीं इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने संघर्ष दिखाया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी कर भारत की उम्मीदें फिर जगा दीं। शाहबाज ने 49 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि तिलक ने 149 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली। हालांकि, इस साझेदारी के टूटने के बाद एक बार फिर भारत की जीत की सारी उम्मीदें टूट गई और आखिरकार पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज़ ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने 10 ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट लिए। अली रजा ने भी तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद इमरान रंधावा को दो सफलता मिली। अहमद दानियाल और सुफयान मोकिम ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।