T20 World Cup 2026 Super 8, Sri Lanka vs Pakistan Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हरा तो दिया, लेकिन सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। फखर ज़मान और साहिबजादा फरहान की विस्फोटक पारियों से पाकिस्तान ने 212 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका 207 रन तक पहुंचा, जो पाकिस्तान की नेट रनरेट की उम्मीदों पर पानी फेरने के लिए काफी था।
शनिवार (28 फरवरी) को कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 के इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान के सामने करो या मरो की स्थिति थी। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम को न सिर्फ बड़ी जीत चाहिए थी, बल्कि श्रीलंका को 147 रन से कम पर रोकना भी जरूरी था।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत धमाकेदार रही। साहिबजादा फरहान और फखर ज़मान ने श्रीलंकाई गेंदबाज़ों पर शुरू से दबाव बना दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 गेंदों में 176 रन की तूफानी साझेदारी हुई। फखर ज़मान ने 42 गेंदों में 84 रन ठोके, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं फरहान ने 60 गेंदों में 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के जड़े।
हालांकि आखिरी ओवरों में पाकिस्तान की रफ्तार थोड़ी थमी और टीम ने लगातार विकेट गंवाए। ख्वाजा नफे (2), शादाब खान (7), मोहम्मद नवाज़ (0) और कप्तान सलमान अली आगा (0) सस्ते में आउट हो गए। इसके बावजूद मजबूत ओपनिंग साझेदारी की बदौलत पाकिस्तान 212 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 3 विकेट झटके, जबकि कप्तान दासुन शनाका ने 2 सफलताएं हासिल कीं। दुष्मंथा चमीरा को भी 1 विकेट मिला।
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पथुम निसांका 3 रन बनाकर आउट हो गए। कमिल मिशारा (26) और चरिथ असलंका (25) ने कुछ अच्छे शॉट खेले, लेकिन लंबी पारी नहीं खेल सके।
इसके बाद पवन रत्नायके ने मोर्चा संभाला और 37 गेंदों में 56 रन की जुझारू पारी खेली। वहीं कप्तान दासुन शनाका ने 31 गेंदों में नाबाद 76 रन ठोकते हुए अंत तक संघर्ष जारी रखा। श्रीलंका की टीम 207 रन तक ही पहुंच पाई और 5 रन से मुकाबला हार गई, लेकिन पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदों को भी खत्म कर गई।
पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद नवाज़, शाहीन अफरीदी और नसीम शाह को 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह पाकिस्तान ने मैच तो जीत लिया, लेकिन जरूरी अंतर से जीत नहीं मिली। नेट रनरेट के समीकरण में पीछे रहने के कारण टीम सुपर-8 से बाहर हो गई। इसी के साथ इस ग्रुप 2 से इंग्लैंड के बाद न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।