Pat Cummins Fined: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम ने 168 रन डिफेंड करके सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) को 82 रनों से मात दी। गौरतलब है कि इस हार के बाद BCCI ने SRH के कैप्टन पैट कमिंस (Pat Cummins) को एक बड़ा झटका दिया है और उन पर 12 लाख रुपये का भारी भरकम जुर्माना ठोका है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, पैट कमिंस पर ये जुर्माना GT vs SRH मुकाबले में उनकी टीम के स्लो ओवर रेट से गेंदबाज़ी करने के कारण लगा है। IPL ने खुद अपना आधिकारिक बयान जारी करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है।
उन्होंने अपने बयान में लिखा, "सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर आईपीएल 2026 के मैच नंबर 56 में स्लो ओवर रेट बनाए रखने के कारण जुर्माना लगाया गया है। यह मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। IPL आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह SRH टीम का सीजन का पहला ओवर रेट अपराध था, इसलिए पैट कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।"
सनराइजर्स को मिली शर्मनाक हार: IPL 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने साईं सुदर्शन (44 गेंदों पर 61 रन) और वाशिंगटन सुंदर (33 गेंदों पर 50 रन) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 168 रन बनाए थे जिसके जवाब में सनराइजर्स की टीम 14.5 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 86 रन बनाकर ऑल आउट हुई। इस तरह सनराइजर्स को गुजरात से 82 रनों से शर्मनाक हार मिली
पॉइंट्स टेबल का हाल: इस मुकाबले के बाद अब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पॉइंट्स टेबल पर एक पायदान नीचे खिसक गई है। वो अब 12 मैचों में 14 अंक के साथ तीसरे पायदान पर है। बात करें अगर GT टीम को तो वो टूर्नामेंट में अपनी आठवीं जीत दर्ज करके पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके नाम 12 मैचों में 16 अंक दर्ज हैं। गुजरात और हैदराबाद के अलावा टॉप-4 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (11 मैचों में 14 अंक) और पंजाब किंग्स (11 मैचों में 13 अंक) की टीम मौजूद है।