गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में 23 साल के युवा भारतीय बल्लेबाज़ सूर्यांश शेडगे ने शानदार पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा। टीम की खराब शुरुआत के बाद उन्होंने जिम्मेदारी संभाली और तूफानी अंदाज़ में रन बटोरे। खासकर एक ओवर में उनकी बल्लेबाजी ने मैच का रुख बदलने की कोशिश की।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (3 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 46वें मुकाबले में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनकी टीम ने शुरुआत में ही पंजाब को बैकफुट पर धकेल दिया।
पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य (1) और कूपर कोनोली बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह (15) और कप्तान श्रेयस अय्यर (19) भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाए। ऐसे में पंजाब की टीम पूरी तरह दबाव में आ गई थी।
मुश्किल वक्त में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे 23 साल के युवा बल्लेबाज़ सूर्यांश शेडगे ने जिम्मेदारी संभाली और मार्कस स्टोइनिस के साथ मिलकर टीम की पारी को संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 44 गेंदों में 79 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने टीम को मैच में वापस लाने का काम किया।
सूर्यांश शेडगे का असली जलवा पारी के 14वें ओवर में देखने को मिला, जब उन्होंने गुजरात के गेंदबाज मानव सुथार को निशाने पर लिया। ओवर की पहली गेंद पर स्टोइनिस ने सिंगल लेकर स्ट्राइक शेडगे को दी, और फिर शुरू हुआ रन बरसाने का सिलसिला। शेडगे ने लगातार दो छक्के जड़े, फिर अगली दो गेंदों पर दो शानदार चौके लगाए। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर भी उन्होंने करारा छक्का लगाकर ओवर का अंत किया। इस ओवर से कुल 27 रन आए, जिसमें से 26 रन अकेले सूर्यांश शेडगे के बल्ले से निकले।
इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर शेडगे ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल थे। वहीं मार्कस स्टोइनिस ने भी 31 गेंदों में 40 रनों की उपयोगी पारी खेली। हालांकि इन दोनों की कोशिशों के बावजूद पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में 163 रन तक ही पहुंच पाई, लेकिन सूर्यांश शेडगे की यह तूफानी पारी फैंस को जरूर याद रहने वाली है।