चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) द्वारा 14.20 करोड़ रुपये में खरीदे गए युवा खिलाड़ी प्रशांत वीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वो सीज़न से पहले अपनी बहन से तमिल सीखते हुए नज़र आ रहे हैं। इस वायरल क्लिप में, वीर को अपनी बहन से वीडियो मैसेज के ज़रिए मिले निर्देशों के बाद कुछ तमिल वाक्य बोलते हुए देखा जा सकता है।
पांच बार की चैंपियन टीम ने उत्तर प्रदेश के इस 20 वर्षीय ऑलराउंडर पर 14.20 करोड़ रुपये खर्च करके कई लोगों को चौंका दिया और अब वीर पर निर्भर करेगा कि एक बड़े प्राइस टैग के साथ वो कितना इंसाफ कर पाते हैं। अगर आप प्रशांत वीर के बारे में नहीं जानते हैं तो बता दें कि उत्तर प्रदेश के अमेठी के इस युवा ऑलराउंडर ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से हर किसी का ध्यान खींचा है।
वीर एक बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं जो बाएं हाथ से ही बल्लेबाजी भी करते हैं। उनके खेलने के अंदाज़ की तुलना पहले से ही रवींद्र जडेजा से की जा रही है। दिलचस्प बात ये है कि आईपीएल 2026 से पहले जब जडेजा राजस्थान रॉयल्स में चले गए हैं और संजू सैमसन एक ट्रेड डील के तहत सीएसके में आ गए हैं, ऐसे में फैंस ये देखने को काफी उत्साहित हैं कि वीर जडेजा की जगह को कितना भर पाते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि वीर आईपीएल 2026 की नीलामी में 30 लाख रुपये की मामूली बेस प्राइस के साथ उतरे थे, लेकिन बोली ने जल्द ही ज़ोर पकड़ लिया। शुरुआत में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस ने उनमें दिलचस्पी दिखाई, लेकिन जब कीमत 4 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई, तो सीएसके और राजस्थान रॉयल्स भी इस दौड़ में शामिल हो गए। जैसे-जैसे कीमतें बढ़ती गईं, 6 करोड़ रुपये की बोली लगने के बाद राजस्थान ने आखिरकार हाथ खींच लिए। हालांकि, सीएसके ने आखिरकार 14.20 करोड़ रुपये में उन्हें खरीद लिया और इसी के साथ वीर आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ियों में से एक बन गए।