साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने बुधवार, 11 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 13वें मुकाबले में अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में 4 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत हासिल कर ली। इस मैच में जीत के लिए अफ़गान टीम ने भी अपना सबकुछ झोंक दिया लेकिन किस्मत शायद उनके साथ नहीं थी जिसके चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इस मैच में हार के बाद अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के भी दिल टूट गए औऱ उन्हें काफी दुखी देखा गया। खासकर रहमानुल्लाह गुरबाज़ तो बहुत दुखी थे। सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि अफ़गानिस्तान की दिल तोड़ने वाली हार के बाद डगआउट में अकेले बैठे गुरबाज़ के आंसू बह रहे थे।
गुरबाज़ ने इस मैच में अपना सब कुछ दिया, लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। अफ़गान विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 42 गेंदों पर 200.00 के स्ट्राइक रेट से 84 रनों की शानदार पारी खेली। चेज़ के दौरान, उन्होंने चार चौके और सात छक्के लगाए। उनकी पारी दूसरी पारी के 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर केशव महाराज की गेंद पर खत्म हुई। इसके बाद दूसरे सुपर-ओवर में भी, गुरबाज़ ने लगातार तीन छक्के मारे और अफ़गानिस्तान को जीत के करीब पहुंचा दिया लेकिन एक बार फिर प्रोटियाज़ स्पिनर महाराज उन पर हावी रहे और उन्हें आउट करके अफगानिस्तान का दिल तोड़ दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो, अफ़गानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फ़ैसला किया। क्विंटन डी कॉक (41 गेंदों पर 59 रन) और रयान रिकेल्टन (28 गेंदों पर 61 रन) ने साउथ अफ़्रीका के लिए शानदार पारियां खेलीं जिसके चलते प्रोटियाज़ ने निर्धारित 20 ओवरों में 187/6 का स्कोर बनाया। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए, गुरबाज़ की शानदार बल्लेबाजी ने अफ़गानिस्तान को मुकाबले में बनाए रखा और नूर अहमद (9 गेंद पर 15*) ने मैच को टाई करने के लिए अहम भूमिका निभाई। मैच जब टाई पर समाप्त हुआ तो सुपर ओवर खेला गया। पहले सुपर-ओवर में कोई नतीजा नहीं निकलने पर, मैच दूसरे सुपर-ओवर में खिंचा, जहां आखिरकार साउथ अफ्रीका ने जीत पक्की कर ली।