Rajat Patidar Back to Back IPL Titles: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतते ही इतिहास रच दिया। उनकी कप्तानी में RCB ने लगातार दूसरे सीजन ट्रॉफी अपने नाम की और वह ऐसा करने वाले आईपीएल इतिहास के सिर्फ तीसरे कप्तान बन गए।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (31 मई) को खेले गए इस खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ कप्तान रजत पाटीदार ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो उनसे पहले सिर्फ दो भारतीय कप्तान ही हासिल कर पाए थे।
RCB ने आईपीएल के पहले 17 सीजन में एक भी खिताब नहीं जीता था, लेकिन रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने 2025 और 2026 दोनों सीजन में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया। इसी के साथ अब आईपीएल इतिहास में लगातार दो सीजन खिताब जीतने वाले कप्तानों की एलीट लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद रजत का नाम भी शामिल हो गया है।
लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने वाले कप्तान:
- रजत पाटीदार (RCB) – 2025, 2026
- रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस) – 2019, 2020
- महेंद्र सिंह धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स) – 2010, 2011
रजत पाटीदार की कप्तानी में इस सीजन RCB ने लीग चरण में 14 मैचों में 9 जीत दर्ज की और फिर प्लेऑफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालिफायर-1 और फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रजत की कप्तानी में RCB ने अब तक खेले गए 28 मुकाबलों में 20 मैच जीते हैं और सिर्फ 8 में हार का सामना करना पड़ा है।
इतना ही नहीं, रजत पाटीदार अब आईपीएल में एक से ज्यादा बार ट्रॉफी जीतने वाले सिर्फ चौथे कप्तान भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में गौतम गंभीर की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 2012 और 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाया था।
आईपीएल में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा खिताब:
- रोहित शर्मा – 5
- महेंद्र सिंह धोनी – 5
- रजत पाटीदार – 2
- गौतम गंभीर – 2
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। टीम के लिए वाशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और टीम 20 ओवर में 155 रन ही बना सकी। जवाब में विराट कोहली ने एक बार फिर बड़े मैच के खिलाड़ी होने का परिचय दिया। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली और RCB को 12 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।