आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टेंशन बढ़ सकती है। दोनों टीमों के अहम ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और पैट कमिंस की फिटनेस को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। ऐसे में टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दोनों टीमों के लिए यह बड़ी चिंता बन सकती है।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और फैंस इस मेगा टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी। आरसीबी अपना पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी, जो सीजन की शुरुआती मुकाबला भी होगा।
हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले आरसीबी के लिए एक बड़ी चिंता सामने आ गई है। टीम के अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की उपलब्धता पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। हेजलवुड चोट के चलते काफी समय से मैदान से बाहर चल रहे हैं और एशेज टेस्ट सीरीज और आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेल पाए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हेजलवुड फिलहाल फिजियो की निगरानी में रिकवरी कर रहे हैं और उनकी वापसी को लेकर अभी स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है। अगर वह आईपीएल की शुरुआत तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए, तो यह आरसीबी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में आरसीबी के खिताब जीतने में हेजलवुड ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 12 मैचों में 17.55 की शानदार औसत से 22 विकेट झटके थे और फाइनल में भी पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी को शुरुआती झटके देकर मैच का रुख बदल दिया था।
दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद की भी चिंता कम नहीं है। टीम के कप्तान और मुख्य तेज गेंदबाज पैट कमिंस की फिटनेस को लेकर भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। कमिंस भी चोट के चलते एशेज टेस्ट सीरीज 2025 और टी20 वर्ल्ड कप से बाहर रहे थे, जिससे उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
पिछले सीजन में कमिंस ने हैदराबाद के लिए 14 मैचों में 16 विकेट लिए थे और गेंद के साथ-साथ कप्तानी में भी अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में अगर वह टूर्नामेंट की शुरुआत तक फिट नहीं हो पाए, तो सनराइजर्स हैदराबाद को भी बड़ा झटका लग सकता है।