Jacob Bethell Ruled Out: आईपीएल 2026 प्लेऑफ से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। RCB ने आधिकारिक बयान जारी कर इस अपडेट की पुष्टि की है।
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा नुकसान हुआ है। टीम के इंग्लिश ऑलराउंडर जैकब बेथेल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। RCB ने शनिवार (23 मई) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट इस खबर की पुष्टि की।
फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में बताया कि पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान जैकब बेथेल के बाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी। चोट गंभीर होने के कारण अब वह इंग्लैंड लौट चुके हैं, जहां इंग्लैंड क्रिकेट टीम की मेडिकल यूनिट उनकी जांच करेगी।
दरअसल, पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में बेथेल ने बाउंड्री रोकने के लिए डाइव लगाई थी। इसी दौरान उनकी उंगली में चोट लग गई। इसके बाद वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ RCB के आखिरी लीग मैच में भी नहीं खेले थे।
जैकब बेथेल इस सीजन फिल सॉल्ट की चोट के बाद RCB की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने थे। हालांकि उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 7 मुकाबलों में सिर्फ 96 रन बनाए और उनका औसत 13.71 का रहा। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट उन्हें एक उपयोगी विकल्प के तौर पर देख रहा था।
RCB के लिए यह झटका ऐसे समय आया है जब टीम शानदार फॉर्म में चल रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लीग स्टेज खत्म करन के बाद अंकतालिका में टॉप पर रही और अब टीम को क्वालीफायर-1 में मंगलवार (26 मई) को गुजरात टाइटंस का सामना करना है।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब देखना दिलचस्प होगा कि RCB इस बड़े झटके के बावजूद खिताब की दौड़ में अपनी लय बरकरार रख पाती है या नहीं।