यूपी टी20 लीग 2026 (UP T20 League 2026) का फाइनल बीते रविवार, 06 सितंबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया था जहां रिंकू सिंह (Rinku Singh) की कैप्टेंसी वाली Meerut Mavericks की टीम ने 203 रन डिफेंड किए और Lucknow Falcons को 94 रनों से मात देकर चैंपियन का खिताब जीता। गौरतलब है कि उन्होंने दूसरी बार UP T20 League का टाइटल अपने नाम किया है।
दिव्यांश जोशी ने ठोका शतक: इकाना के मैदान पर रिंकू सिंह ने मेरठ मावेरिक्स के लिए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जो कि बिल्कुल सही साबित हुआ। मेरठ के सलामी बल्लेबाज़ बल्लेबाज़ दिव्यांश जोशी ने तो मैदान पर तूफान ही उठा दिया और 40 गेंदों पर 12 चौके 7 छक्के लगाकर 105 रनों की शतकीय पारी खेली। उन्हीं की धुआंधार पारी के दम पर मेरठ की टीम ने अपनी पारी के 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 203 रन बनाए।
विशाल चौधरी ने गेंद से काटा गर्दा: दिव्यांश के शानदार शतक के बाद मेरठ मावेरिक्स के लिए बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज़ विशाल चौधरी ने अपनी गेंदबाज़ी से विपक्षी खेमे में हड़कंप मचाया और अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट ले लिए। उन्होंने लखनऊ फाल्कन्स के सलामी बल्लेबाज़ मोहम्मद सैफ (12 गेंदों पर 10 रन), अक्षु बाजवा (05 गेंदों पर 04 रन), प्रियम गर्ग (01 गेंद पर 00 रन) और समीर चौधरी (03 गेंदों पर 06 रन) का विकेट लिया।
विशाल चौधरी के अलावा मेरठ के लिए जीशान अंसारी ने दो विकेट झटके और यश गर्ग, करण चौधरी और विजय कुमार ने एक-एक विकेट लिया।
109 रनों पर सिमटी लखनऊ की टीम: मेरठ मावेरिक्स के गेंदबाज़ों ने इकाना के मैदान पर ऐसा कहर ढाया की लखनऊ फाल्कन्स के बल्लेबाज़ सिर्फ और सिर्फ संघर्ष करते दिखे। आलम ये रहा कि उनके आठ बल्लेबाज़ तो सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए, वहीं दो ने ही 20 से ज्यादा रन बनाए। लखनऊ के लिए अजीत वर्मा ने सर्वाधिक 24 गेंदों पर 39 रन बनाए।
इस खराब प्रदर्शन के कारण ही लखनऊ फाल्कन्स 16 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 109 रन बनाकर ऑल आउट हुई। तो ऐसे मेरठ मावेरिक्स ने ये मुकाबला 94 रनों से जीता।
Also Read: LIVE Cricket Score
मेरठ मावेरिक्स दूसरी बार बनी चैंपियन: रिंकू सिंह की टीम ने साल 2026 के UP T20 League के फाइनल को जीतकर दूसरी बार ये खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले उन्होंने साल 2024 में कानपुर सुपरस्टार्स को फाइनल में हराकर ये टूर्नामेंट जीता था। उनके अलावा काशी रुद्रास ने भी दो बार यूपी टी20 लीग टूर्नामेंट जीता।