टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की सेमीफाइनल में एंट्री के बाद रोहित शर्मा का पुराना संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत में संजू सैमसन को धैर्य रखने की सलाह दी गई थी, और अब वही सैमसन टीम के नायक बनकर उभरे हैं। कोलकाता में खेली गई उनकी यादगार पारी ने रोहित की बात को सच साबित कर दिया।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में रविवार (3 मार्च) को खेले गए सुपर 8 के आखिरी मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के बाद रोहित शर्मा का एक पुराना संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जो उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत में संजू सैमसन को दिया था।
दरअसल, आईसीसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शयर कि है, जिसमें टूर्नामेंट के पहले दिन रोहित ने सैमसन से कहा था, “दुखी मत हो। यह लंबा टूर्नामेंट है। तुम्हें मौका जरूर मिलेगा और वह किसी भी समय आ सकता है।” उस समय सैमसन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और बेंच पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सीमित अवसर मिलने के कारण उनके टीम में स्थान को लेकर सवाल भी उठने लगे थे।
VIDEO:
हालांकि, जब सैमसन को दोबारा मौका मिला तो उन्होंने खुद को साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस रोमांचक मुकाबले में सैमसन ने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली। 196 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने पांच विकेट से जीत दर्ज की और टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपना सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल किया।
सैमसन ने शुरुआत से ही रन गति को बनाए रखा और दबाव को हावी नहीं होने दिया। उन्होंने मैच को चार गेंद शेष रहते खत्म कर दिया, जिससे टीम आत्मविश्वास के साथ अंतिम चार में पहुंच गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब भारत का सामना दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार (5 मार्च) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड से होगा। इस मुकाबले का विजेता फाइनल में बुधवार (4 मार्च) को न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले पहले सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा।