विराट कोहली की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने शुक्रवार को यहां के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें संस्करण का शानदार आगाज करते हुए उद्घाटन मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हरा दिया। मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हुआ। मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए बैंगलोर के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे उसने 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर आठ विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। बैंगलोर की ओर अब्राहम डिविलियर्स ने 48 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा ग्लैम मैक्सवेल ने 39 और कप्तान कोहली ने 33 रनों की पारी खेली।

Advertisement

मुंबई की टीम लगातार नौवें सीजन में अपने पहले मैच में हारी है। दूसरी ओर, आरसीबी ने इससे पहले 2008, 2017 और 2019 में भी सीजन ओपनर खेला था लेकिन उसे पहली बार जीत मिली है।

कोहली ने वॉशिंगटन सुंदर (10) के साथ पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। 46 रन पर बैंगलोर ने रजत पाटीदार (8) का भी विकेट गंवा दिया लेकिन इसके बाद कप्तान और मैक्सवेल स्कोर के 100 के करीब ले गए। उससे पहले ही हालांकि कोहली 98 रनों के कुल योग पर आउट हो गए। कोहली ने 29 गेदों पर चार चौके लगाए।

103 के कुल योग पर मैक्सवेल भी आउट हो गए। मैक्सवेल ने 28 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाए। बैंगलोर ने इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और इससे मुंबई का पलड़ा भारी हो गया।

अंतिम तीन ओवर में बैंगलोर को 38 रनों की जरूरत थी। विकेट पर डिविलियर्स थे। वह टीम को जीत के बिल्कुल करीब ले गए। जब तीन गेदों की जरूरत थी तब वह रन आउट हो गए। डिविलिर्सस न 27 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए।

Advertisement

अब बैंगलोर को दो गेंदों पर दो रनों की जरूरत थी, जो हर्षल पटेल (नाबाद 4) ने पूरे कर लिए। मुंबई की ओर से मार्को जेनसन और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिए।

इससे पहले, हर्षल पटेल (5-27) क बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 159 रनों पर रोक दिया।

मुंबई की टीम ने पारी के अंतिम ओवर में चार विकेट गंवाए। तीन हर्षल के खाते में आए जबकि एक रन आउट हुआ। मुंबई की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट गंवाकर 159 रन बनाने में सफल रही।

Advertisement

हर्षल ने अपने पहले ओवर में 15 रन दिए लेकिन बाद के तीन ओवर में सिर्फ 12 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। हर्षल ने टी20 क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट हासिल किया।

बहरहाल, टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग कर रही मुंबई ने 24 रनों के कुल योग पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। कप्तान रोहित शर्मा (19 रन, 15 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का) दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव (31 रन, 23 गेंद, 4 चौके, 1 छक्का) और क्रिस लिन (49 रन, 35 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) ने शानदार बैटिंग करते हुए दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े।

Advertisement

यादव 94 के कुल योग पर काइल जेमिसन की गेंद पर विकेट के पीछे अब्राहम डिविलियर्स के हाथों लपके गए। आईपीएल-14 के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल जेमिसन ने इस तरह इस लीग में सफलता का पहला स्वाद चखा।

यादव के आउट होने के बाद लिन और इशान किशन (28 रन, 19 गेंद, 2 चौके, 1 छक्का) स्कोर को 100 के पार ले गए। लिन अपने अर्धशतक की ओर अग्रसर थे लेकिन उससे एक रन पहले ही वह वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर उन्हीं के हाथों लपक लिए गए। लिन का विकेट 105 के कुल योग पर गिरा।

हार्दिक पांड्या (13) का विकेट 135 के कुल योग पर गिरा जबकि किशन 145 के कुल योग पर पवेलियन लौटे। इसके बाद कीरन पोलार्ड (7), क्रूणाल पांड्या (7), मार्को जेनसन (0), राहुल चहर (0) सस्ते मे आउट हो गए।

Advertisement

मुंबई को दो खिलाड़ी रन आउट हुए जबकि इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ियों में एक जेमिसन तथा सुंदर को एक-एक सफलता मिली। जेमिसन ने अपने चार ओवर के कोटो में सिर्फ 27 रन दिए।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार