दक्षिण अफ्रीका दौरे पर अगर किसी खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा निराश किया है तो वो अजिंक्य रहाणे हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट की पहली पारी में भी रहाणे का बल्ला धोखा दे गया और वो सिर्फ 9 रन बनाकर चलते बने। रहाणे के आउट होने के बाद एक बार फिर से फैंस भड़क उठे हैं।
रहाणे 12 गेंदों में 9 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने। हालांकि, वो आउट तो हुए ही साथ में एक रिव्यू भी बर्बाद कर गए। दरअसल, हुआ ये कि रबाडा की गेंद पर रहाणे के बल्ले का किनारा लगा और विकेटकीपर ने आसान सा कैच पकड़ लिया। अंपायर ने भी बिना किसी देरी के उंगली खड़ी कर दी लेकिन रहाणे के मन में पता नहीं क्या आया कि उन्होंने विराट के पास जाकर रिव्यू लेने का इशारा किया।
इसके बाद थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखना शुरू किया और उस रिप्ले में साफ देखा जा सकता था कि रहाणे के बल्ले और गेंद का संपर्क हुआ था और वो आउट थे जिसके चलते टीम इंडिया का एक रिव्यू भी बर्बाद हो गया जिसके चलते उनकी डबल ट्रोलिंग होनी शुरू हो गई।
सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। हालांकि, अब ये देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट रहाणे को इस दौरे के बाद और कितने मौकेे देती है क्योंकि हनुमा विहारी के रूप में एक इनफॉर्म बल्लेबाज़ बाहर अपनी बारी का इंतज़ार कर रहा है और पिछले एक साल में सिर्फ एक टेस्ट ही खेला है।