गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में साईं सुदर्शन ने अपनी फील्डिंग से सभी का ध्यान खींच लिया। उन्होंने शानदार डाइव लगाकर वेंकटेश अय्यर का मुश्किल कैच लपका और टीम को अहम विकेट दिलाया। सुदर्शन का यह प्रयास सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत इस मुकाबले में अच्छी नहीं रही थी। जैकब बेथेल (5) और विराट कोहली 28 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने पारी को संभालने की कोशिश की और तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 44 रन जोड़े। पडिक्कल ने 24 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि पाटीदार 15 गेंदों में 19 रन ही बना सके।
इसके बाद जितेश शर्मा (1), टिम डेविड (9) और क्रुणाल पांड्या (4) भी ज्यादा देर नहीं टीक पाए, जिसके चलते टीम ने 14वें ओवर में 126 रन पर 7 बल्लेबाज गवा दिए। ऐसे में टीम ने वेंकटेश अय्यर को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा, ताकि आखिरी ओवरों में कुछ तेजी लाई जा सके। लेकिन अय्यर भी ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और उनकी पारी एक शानदार कैच के चलते खत्म हो गई।
पारी के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर अरशद खान ने फुल लेंथ डाली। वेंकटेश अय्यर ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही से टाइम नहीं हो पाई और डीप मिड-विकेट की तरफ हवा में चली गई। वहां साईं सुदर्शन तेजी से आगे दौड़े और शानदार डाइव लगाते हुए दोनों हाथों से कैच लपक लिया। जमीन पर गिरते वक्त भी उन्होंने गेंद को मजबूती से पकड़े रखा, जो इस कैच को और खास बना गया। इस शानदार कैच के साथ वेंकटेश अय्यर की 15 गेंदों में 12 रन की पारी का अंत हो गया।
मैच की बात करें तो RCB की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन पर सिमट गई। टीम के लिए देवदत्त पडिक्कल (40 रन) और विराट कोहली (28 रन) ने कुछ योगदान दिया। गुजरात टाइटंस के लिए अरशद खान ने 3 विकेट झटके, जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट लिए।