T20 World Cup 2026 Final, India vs New Zealand: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया और तेज साझेदारी से टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद ईशान किशन ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए रनगति को और तेज कर दिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार (8 मार्च) को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। देखें लाइव स्कोर
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में 92 रन जोड़ते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 गेंदों में 98 रन की शानदार साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए।
संजू सैमसन ने अपना तूफानी अंदाज जारी रखा और ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 105 रन की शतकीय साझेदारी कर डाली। संजू ने 46 गेंदों में 5 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन ठोकते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
हालांकि इसके बाद भारतीय टीम को कुछ झटके भी लगे। कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि तिलक वर्मा 6 रन और हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बावजूद शुरुआती बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में जेम्स नीशम सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा रचिन रविंद्र और मैट हेनरी को भी 1-1 विकेट मिला।
टीमें इस मैच के लिए
भारत (प्लेइंग इलेवन): सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन): टिम सेफ़र्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), जैकब डफी, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन।