आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की रिटेंशन प्रक्रिया मंगलवार (17 नवंबर) को पूरी हो चुकी है। राजस्थान रॉयल्स ने इस बार बड़ा फैसले लेते हुए वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) को रिलीज कर दिया। आईपीएल के पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन अब अबू धाबी टी10 लीग (Abu Dhabi T10 2026) में वह जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखकर राजस्थान के इस फैसले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गुरुवार (19 नवंबर) को अबू धाबी टी10 लीग 2026 के 30वें मुकाबले में एमिरेट्स ईगल्स की ओर से खेलते हुए हेटमायर ने महज 37 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने कुल 39 गेंदों का सामना करते हुए 261.53 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 102 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 9 चौके और 8 छक्के शामिल रहे।
हेटमायर की इस पारी की बदौलत एमिरेट्स ईगल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 147 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के कुल स्कोर में अकेले हेटमायर के 102 रन थे। जवाब में यूनाइटेड टाइगर्स की टीम लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही और 107 रन तक ही पहुंच सकी। इस तरह एमिरेट्स ईगल्स ने मुकाबला 40 रन से अपने नाम कर लिया।
शानदार फॉर्म में हैं हेटमायर
हेटमायर सिर्फ एक मुकाबले में ही नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। अबू धाबी टी10 लीग 2026 में वह अब तक 10 मैच खेल चुके हैं, जिनमें 71.33 की औसत और 219.48 के स्ट्राइक रेट से 428 रन बनाए हैं।
आईपीएल 2026 में नहीं चला था बल्ला
आईपीएल 2026 का सीजन हेटमायर के लिए काफी निराशाजनक रहा था। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वह 8 मुकाबलों में 13 की औसत से सिर्फ 78 रन ही बना सके थे। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2027 से पहले उन्हें रिलीज करने का फैसला किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, अब अबू धाबी टी10 लीग में हेटमायर जिस तरह गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हैं, उससे राजस्थान रॉयल्स के फैसले पर सवाल उठना लाजिमी है। अब देखना होगा कि आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन में कौन सी टीम इस कैरेबियाई बल्लेबाज पर दांव लगाती है।