भारतीय क्रिकेट के पहले टेस्ट कप्तान कर्नल कोट्टारी कनकैय्या नायडू का जन्म 31 अक्टूबर 1895 को महाराष्ट्र में हुआ था। 1932 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में भारत की पहली टेस्ट टीम की कप्तानी की। शानदार बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले नायडू भारतीय क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में शुमार हैं।

15 अगस्त 1947 को लंबी लड़ाई के बाद भारत आजाद हुआ। अंग्रेज देश छोड़कर चले गए, लेकिन अपने साथ क्रिकेट की विरासत छोड़ गए। इस खेल में भी भारत ने कई लड़ाइयां लड़ीं। कभी जीत मिली तो कभी हार का सामना करना पड़ा। इस सफर में कई खिलाड़ियों ने अपनी पहचान बनाई, लेकिन एक नाम ऐसा था जिसे भारतीय क्रिकेट का पहला 'सेनापति' बनने का गौरव मिला। यह नाम था कर्नल सीके नायडू का। हालांकि, उनकी कप्तानी तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था।

साल 1889 से 1902 के बीच इंग्लैंड की तीन क्रिकेट टीमें भारत दौरे पर आईं। उस समय देश में क्रिकेट अपनी शुरुआती अवस्था में था। भारतीय खिलाड़ी धीरे-धीरे इस खेल को समझ रहे थे, लेकिन 1926 में मुंबई के जिमखाना मैदान पर कर्नल सीके नायडू ने अपनी बल्लेबाजी से अंग्रेजों को प्रभावित कर दिया। सीके नायडू को साल 1926 में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के खिलाफ 153 रनों की शानदार पारी खेलने के लिए मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब ने एक चांदी का बल्ला भेंट किया गया था।

'हिंदूज' की तरफ से खेलते हुए होलकर आर्मी के सेनापति नायडू ने महज 116 मिनट में 156 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 11 छक्के और 14 चौके शामिल थे। उनके साथ देवधर, रामजी और गोडम्बे जैसे खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंग्रेजों को यह मानने पर मजबूर कर दिया कि भारतीय खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला कर सकते हैं।

साल 1932 में भारत को टेस्ट खेलने का दर्जा मिल गया था। भारतीय टीम पहली बार इंग्लैंड दौरे पर गई। हालांकि, टीम का चयन ब्रिटिश चयनकर्ताओं ने किया था। उस दौर में क्रिकेट पर राजा-महाराजाओं और रियासतों का काफी प्रभाव था। कप्तानी भी किसी राजा, नवाब या शाही परिवार के सदस्य को ही दी जाती थी।

महाराजा पटियाला को कप्तान बनाया गया, लेकिन उनके इनकार के बाद जिम्मेदारी पोरबंदर के राजा राणा साहब को मिली और घनश्याम सिंह जी को उपकप्तान बनाया गया, जो उनके रिश्तेदार भी थे।

टीम में सबसे अनुभवी और बेहतरीन खिलाड़ियों में शुमार सीके नायडू भी थे, लेकिन उन्हें कप्तानी से दूर रखा गया। हालांकि, ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट से पहले राणा साहब और घनश्याम सिंह जी ने पद छोड़कर नायडू को कप्तानी सौंपने का फैसला किया।

इस फैसले के बाद कर्नल सीके नायडू ने भारतीय टीम की कमान संभाली और 1932 में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत के पहले टेस्ट कप्तान बने। इस तरह भारतीय क्रिकेट को उसका पहला सेनापति मिला।

एक घरेलू मैच के दौरान दादू फडकर की बाउंसर पर नायडू ने आगे बढ़कर शॉट खेला, लेकिन बॉल सीधे नायडू के मुंह पर लगी और दो दांत टूटकर पिच पर गिर गए। इसे देखकर फील्डर माधव आप्टे उनकी ओर दौड़े और हाल-चाल पूछा, लेकिन नायडू ने कहा 'सब ठीक है'। ऐसा कहकर उन्होंने पिच पर गिरे अपने दांत को उठाकर जेब में रखा और फिर से बल्लेबाजी शुरू कर दी। इस मैच में उन्होंने अर्धशतक लगाया।

सीके नायडू ने अपने टेस्ट करियर में कुल 7 मैच खेले, जिसकी 14 पारियों में 25 की औसत के साथ 350 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 207 फर्स्ट क्लास मुकाबलों की 344 पारियों में 35.94 की औसत के साथ 11,825 रन बनाए। इस दौरान 26 शतक और 58 अर्धशतक जड़े।

साल 1933 में 'विजडन क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुने गए सीके नायडू को साल 1956 में देश के तीसरे बड़े नागरिक सम्मान 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया गया था, जो इस सम्मान को पाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर थे।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार